प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों अज्ञात चोर लगातार सरकारी स्कूलों को निशाना बना रहे हैं.बीते कुछ दिनों में प्रखंड के तीन सरकारी विद्यालयों में ताला तोड़कर गैस सिलिंडर और मध्यान्ह भोजन का चावल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है.लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से विद्यालय प्रबंधन के साथ-साथ ग्रामीणों में भी चिंता है.जानकारी के अनुसार बीती रात राजकीय मध्य विद्यालय डोम्बा में अज्ञात चोरों ने स्कूल के किचन और स्टोर रूम का ताला तोड़कर दो गैस सिलिंडर और चार बोरी चावल चोरी कर लिए.शनिवार सुबह विद्यालय खुलने पर शिक्षकों ने कमरों के ताले टूटे देखे.जांच करने पर सिलिंडर और चावल गायब मिले.इसके बाद शिक्षकों ने घटना की जानकारी भरनो थाना पुलिस को दी.वहीं इससे पहले 24 अगस्त की रात मध्य राजकीय विद्यालय रायकेरा में भी चोरों ने किचन का ताला तोड़कर दो गैस सिलिंडर चोरी कर लिए थे.इसी रात राजकीय प्राथमिक विद्यालय समसेरा को भी चोरों ने निशाना बनाया.यहां किचन और स्टोर रूम का ताला तोड़कर दो गैस सिलिंडर और दो बोरी चावल चोरी कर लिए गए.तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने घटना की जानकारी बीआरसी कार्यालय भरनो को देने के बाद भरनो थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.लगातार सरकारी विद्यालयों में हो रही चोरी की घटनाओं से स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.वहीं चोरों द्वारा एक के बाद एक विद्यालयों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है.लोगों का कहना है कि विद्यालयों में रखे मध्यान्ह भोजन के सामान और अन्य आवश्यक सामग्री की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जरूरत है.इधर पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है और अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि खबर लिखे जाने तक इन घटनाओं में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस के समक्ष भी चुनौती खड़ी कर दी है. अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इन मामलों का खुलासा करते हुए चोरों को गिरफ्तार करने में सफल होती है.
यह भी पढ़ें: भारथी कॉलेज ऑफ एजुकेशनमाण्डर में राष्ट्रीय खेल दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया