अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्कः- गढ़वा डीसी एसपी ने उत्तर कोयल जलाशय परियोजना के तहत कोयल नदी पर कांडी प्रखंड स्थित भंडरिया ग्राम में बने भीमबराज से कांडी डिस्ट्रीब्यूटर नहर का निर्माण पुराने कराने के उदेश्य से स्थलीय निरिक्षण किया! इस नहर के माध्यम से कांडी प्रखंड के कई पंचायतों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध शेष कार्य को यथाशीघ्र प्रारंभ करने एवं पूर्ण कराने के उद्देश्य से ही गढ़वा उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अगुवाई में प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों की टीम ने नहर का स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान गढ़वा पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, संबंधित अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, कार्यन्वयन एजेंसी वापकोस, विशेष भू-अर्जन पदाधिकारी, तथा जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे. सभी अधिकारियों ने नहर के अधूरे हिस्सों एवं निर्माणाधीन खंडों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया. निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि कांडी डिस्ट्रीब्यूटर का निर्माण कार्य शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि किसानों के खेतों तक समय पर पानी पहुंचाया जा सके. उन्होंने कार्यपालक अभियंता एवं संवेदक को निर्देश दिया कि शेष कार्यों को अविलंब प्रारंभ किया जाए, तथा जहां भी कोई तकनीकी या प्रशासनिक बाधा हो, उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए ताकि समाधान शीघ्र हो सके. निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि जहां भी कार्य के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता होगी, वहां पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी की नियुक्ति की जाएगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि नहर निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी. कांडी डिस्ट्रीब्यूटर के निर्माण पूर्ण होने पर कांडी प्रखंड के कई पंचायतों में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को कृषि उत्पादन में बड़ी राहत मिलेगी. जिला प्रशासन ने परियोजना को समय पर पूर्ण करने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाने का संकल्प लिया है.