न्यूज़11 भारत
बोकारो/डेस्क: झारखंड के बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र के बंशीडीह गांव में शुक्रवार को बच्चा चोरी की अफवाह ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश के संभल जिले से आए पांच साधुओं को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की. भीड़ ने साधुओं की बोलेरो गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और वाहन को नुकसान पहुंचाया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साधु बोलेरो से उतरकर बच्चों से रास्ता पूछ रहे थे. इसी दौरान किसी ने अफवाह फैला दी कि वे बच्चा चोर हैं. गाड़ी पर यूपी नंबर प्लेट और नीचे दूसरी प्लेट दिखाई देने से लोगों का शक और बढ़ गया. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और साधुओं पर हमला कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने किसी तरह साधुओं को भीड़ से छुड़ाया और सुरक्षित थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की. साधुओं ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वे भिक्षा मांगकर जीवनयापन करते है और बच्चा चोरी से उनका कोई संबंध नहीं हैं. उन्होंने पहचान के लिए अपना आधार कार्ड भी पुलिस को सौंपा.
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह और एसडीपीओ चास ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून हाथ में न लेने की अपील की हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. अफवाहों के कारण निर्दोष लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती हैं. बोकारो में हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाह से जुड़ी घटनाएं बढ़ी हैं. कई मामलों में निर्दोष यात्री, साधु और राहगीर भीड़ के निशाने पर आ चुके हैं. प्रशासन ने साफ किया है कि अफवाह फैलाने वालों और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़े: दरभंगा में न्यास की जमीन पर असामाजिक तत्वों की नजर, मंदिर की दान भूमि की हो रही अवैध प्लॉटिंग