दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग

पाकुड़ में शिक्षिका से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, बाइक सवार दो बदमाश फरार

नगर थाना क्षेत्र के श्याम नगर मोहल्ले में रविवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक शिक्षिका के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए.

By : Ark Sahuliyar
पाकुड़ में शिक्षिका से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, बाइक सवार दो बदमाश फरार

न्यूज़11 भारत 
पाकुड़/डेस्क:
नगर थाना क्षेत्र के श्याम नगर मोहल्ले में रविवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक शिक्षिका के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. जानकारी के अनुसार, हिरणपुर प्रखंड के तोड़ाई स्थित यूएचएस विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका प्रेरणा राज, जो मूल रूप से रांची की रहने वाली हैं, अपनी एक परिचित महिला के साथ बाजार से श्याम नगर स्थित आवास लौट रही थीं. घर के समीप एक गली में पहुंचते ही अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश तेजी से आए और उनके गले से करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए.

घटना के बाद घबराई शिक्षिका के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें संभाला. इसके बाद घटना की सूचना नगर थाना पुलिस और पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव को दी गई. एसडीपीओ के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. प्रारंभिक जांच में एक सीसीटीवी फुटेज में अपाचे मोटरसाइकिल पर भागते हुए दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं. इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास जारी है.

पीड़िता प्रेरणा राज ने बताया कि वह अपनी सहयोगी के साथ बाजार से घर लौट रही थीं. घर से कुछ दूरी पहले ही बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज गति से फरार हो गए. उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दे दी गई है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.