प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत.
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कृषि तकनीकी केंद्र के सभागार में शनिवार को "खेत बचाओ सह संतुलित उर्वरक उपयोग" विषय पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया.कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण,संतुलित उर्वरक उपयोग तथा बदलती जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप खेती की वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना था.गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में कृषि विज्ञान केंद्र बिशुनपुर के कृषि वैज्ञानिक अटल कुमार तिवारी उपस्थित हुए.
उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मौसम विभाग द्वारा इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना जताई गई है.ऐसी स्थिति में किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ कम पानी में तैयार होने वाली फसलों एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता है.उन्होंने किसानों को मौसम के अनुसार फसल चयन करने तथा जल संरक्षण के उपायों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी.कृषि वैज्ञानिक ने कहा कि खेती में अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता लगातार प्रभावित हो रही है.इसलिए किसानों को अपने खेतों की मिट्टी की नियमित जांच करानी चाहिए और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही उर्वरकों का उपयोग करना चाहिए.इससे उत्पादन लागत में कमी आएगी,फसल उत्पादन बढ़ेगा तथा भूमि की उर्वर शक्ति भी लंबे समय तक बनी रहेगी.उन्होंने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने,फसल चक्र अपनाने तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी भी दी.साथ ही सूखा प्रभावित परिस्थितियों में खेती को सुरक्षित रखने के लिए विभिन्न तकनीकी उपायों से अवगत कराया.
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने किसानों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी.किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना,मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना,बीज वितरण,कृषि यंत्रीकरण,फसल बीमा तथा अन्य लाभकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया.गोष्ठी में किसानों ने भी कृषि से जुड़ी अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं रखीं,जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया.
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को खेती-किसानी के लिए उपयोगी बताते हुए नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की.कार्यक्रम के अंत में किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने तथा मृदा संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया.इस अवसर पर बीटीएम शशि शमा खलखो,एटीएम आकय अनमोल,रोहित कुजूर,ग्राम प्रधान जयराम उरांव,किसान मित्र आयता उरांव,सेराज खान,सोमेश्वर उरांव,दीपक उरांव,सहदेव सिंह,भगवती महतो,पुनई उरांव,अनिल मिंज, एथरेन्स मिंज सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026 के तहत उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, मैपिंग कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश