न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: जपला मुख्य बाजार निवासी 70 वर्षीय मालती देवी ने हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर अपने दो बड़े बेटों, बहुओं, पोतियों तथा एक अन्य रिश्तेदार पर संपत्ति विवाद को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है.आवेदन में मालती देवी ने कहा है कि 24 जुलाई की शाम उनके बड़े बेटे कमलेश कुमार कश्यप, उनकी पत्नी किरण कश्यप तथा पोतियां कल्याणी कुमारी और शिवानी कुमारी घर पहुंचीं, जहां गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. उनका आरोप है कि 25 जुलाई को उक्त लोग स्कूल परिसर में घुसकर भी हंगामा और मारपीट की तथा उन्हें घर से बाहर निकलने पर हत्या करने की धमकी दी.
उन्होंने आवेदन में कहा है कि उनके बड़े बेटे उनकी और उनके बीमार पति की देखभाल नहीं करते, जबकि छोटे बेटे ऋषिकेश कुमार कश्यप और शशिकेश कुमार कश्यप उनकी सेवा करते हैं तथा घर के एक हिस्से में स्कूल चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. मालती देवी ने आरोप लगाया कि संपत्ति हड़पने की नीयत से उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और पूर्व में भी परिवार पर कथित रूप से झूठा मामला दर्ज कराया गया था. पीड़िता ने हुसैनाबाद थाना से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा उन्हें और उनके पति को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है. वही हुसैनाबाद थाना पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गयी.