न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: हजारीबाग जिले के कुसुंबा में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की जघन्य घटना ने पूरे झारखंड को स्तब्ध कर दिया है. इस मामले में पुलिस द्वारा किए गए खुलासे में आरोपी के रूप में भाजपा के बूथ अध्यक्ष भीम राम की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. इरफान अंसारी ने इस पूरे प्रकरण को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला है और इसे पार्टी के “असल चरित्र” का प्रतीक बताया है.
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं है, बल्कि यह भाजपा की कथनी और करनी के बीच के गहरे अंतर को उजागर करती है. 'जो पार्टी नैतिकता, संस्कार और कानून-व्यवस्था का ढोल पीटती है, उसके अपने पदाधिकारी इस तरह के घिनौने अपराध में शामिल पाए जा रहे हैं. इससे साफ है कि भाजपा का नैतिक आधार पूरी तरह खोखला हो चुका है.'
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रही है. राज्य में किसी भी आपराधिक घटना को राजनीतिक रंग देकर सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की जाती है, लेकिन कुसुंबा की घटना ने भाजपा के 'दोहरे चेहरे' को बेनकाब कर दिया है. 'अब भाजपा की कली पूरी तरह खुल चुकी है और जनता सच्चाई समझ रही है.'
डॉ. इरफान अंसारी ने आगे कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता झारखंड के सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने में लगे हुए हैं. विकास, रोजगार और जनकल्याण जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाकर वे केवल नफरत और भ्रम की राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने भाजपा को “झारखंड और झारखंडियों का दुश्मन नंबर एक” करार देते हुए कहा कि ऐसी राजनीति राज्य के भविष्य के लिए घातक है.
उन्होंने स्पष्ट रूप से ऐलान किया कि कांग्रेस और महागठबंधन भाजपा के खिलाफ निर्णायक लड़ाई छेड़ेंगे. “हम भाजपा के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से सर्जिकल स्ट्राइक करेंगे. उनके हर झूठ, हर साजिश और हर गलत कदम को जनता के सामने लाया जाएगा. अब समय आ गया है कि जनता को सच्चाई बताई जाए और भाजपा को उसकी वास्तविकता का आईना दिखाया जाए.'
डॉ. इरफान अंसारी ने राष्ट्रीय राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि देश की जनता अब भाजपा की विभाजनकारी राजनीति से ऊब चुकी है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी, अपने नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में, देश को एक नई दिशा देगी और भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी. 'यह केवल राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द को बचाने की लड़ाई है,'
अंत में डॉ. इरफान अंसारी अपनी बात को आगे रखते हुए कहा कि पीड़ित बच्ची के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस मामले में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस जघन्य अपराध के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी. 'पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.'
यह भी पढ़ें: रांची में ब्राउन शुगर के बड़े नेटवर्क का खुलासा, 400 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार