न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के डोरंडा इलाके में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है. रांची पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. यह फायरिंग डोरंडा थाना क्षेत्र के कुसाई कॉलोनी स्थित सत्यभामा अपार्टमेंट में की गई थी. शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह घटना दो आपराधिक गिरोहों, अमन साहू गैंग और सुजीत सिन्हा गैंग के बीच वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गोलीबारी के पीछे कथित रूप से कोयलांचल शांति सेना का हाथ है, जो सुजीत सिन्हा के गिरोह से जुड़ी बताई जा रही है.

सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार सक्रिय बना हुआ गैंगस्टर सुजीत सिन्हा
फायरिंग की जिम्मेदारी कोयलांचल शांति सेना ने खुद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर ली है. यह फायरिंग अमन साहू गैंग से जुड़े अपराधी आकाश राय उर्फ मोनू के घर पर की गई थी. वीडियो में फायरिंग की तस्वीरें और धमकी भरे संदेश देखे जा सकते हैं. गौरतलब है कि सुजीत सिन्हा फिलहाल जेल में बंद है, लेकिन इसके बावजूद वह सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार सक्रिय बना हुआ है. उसी ने 'कोयलांचल शांति सेना' नाम से एक नई आपराधिक इकाई का गठन किया है, जिसका नाम शांति सेना जरूर है, लेकिन गतिविधियां बेहद हिंसक और आपराधिक बताई जा रही हैं.

दोषियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि गैंगवार के इस ताजे मामले में कई पहलुओं की जांच की जा रही है, और जल्द ही इसमें शामिल आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही जेल में बंद अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी अधिकारियों के बीच चिंता बढ़ गई है. रांची पुलिस फिलहाल वीडियो की प्रमाणिकता की जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान में जुटी है. घटना ने एक बार फिर शहर में अपराध और गैंगवार की बढ़ती चुनौती को उजागर कर दिया है.

ये भी पढ़ें- एक मछली के लिए उतरी नौसेना! जानें क्या खास है हिल्सा में, जिसके पीछे पागल है पूरी दुनिया