अम्बर कलश तिवारी/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क:आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) से धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ओपीडी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए अस्पताल में अब छह अलग काउंटर खोले गए हैं. इन काउंटरों पर कर्मी मरीजों को एबीडीएम मोबाइल ऐप डाउनलोड करने, रजिस्ट्रेशन पूरा करने और स्कैन एंड शेयर के जरिए टोकन जनरेट करने में सहायता कर रहे हैं.
पहले मरीजों को रजिस्ट्रेशन में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब यह प्रक्रिया आसान और तेज हो गई है. नई व्यवस्था के तहत मरीज अपने मोबाइल पर एबीडीएम ऐप डाउनलोड कर उसमें रजिस्ट्रेशन करते हैं. अस्पताल परिसर में लगे क्यूआर कोड को स्कैन करते ही ओपीडी टोकन नंबर जनरेट हो जाता है. इसी टोकन के आधार पर कुछ ही सेकंड में रजिस्ट्रेशन पर्ची बन जाती है.
दोबारा आने पर मरीजों को ऐप से केवल क्यूआर कोड स्कैन कर टोकन जनरेट करना होता है. सुविधा बढ़ाने के लिए अस्पताल ने महिला और पुरुष मरीजों के लिए तीन-तीन काउंटर बनाए हैं. इस कदम से मरीजों को बड़ी राहत मिली है और ओपीडी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित हो गई है
यह भी पढ़ें: देवघर: स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में सदर अस्पताल को विभिन्न आधुनिक उपकरण