अम्बर कलश तिवारी/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 कछुओं को तस्करी से बचाया है. गाड़ी संख्या 13010 (योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस) के जनरल कोच से दो कछुआ तस्कर राम दास और हिमांषु वैध को पकड़ा गया है. उनके कब्जे से 60 कछुओं को बरामद किया गया है, जिनकी तस्करी उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल की जा रही थी.
कछुआ तस्करों ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से कछुआ की तस्करी कर रहे हैं और महीने में दो-तीन बार जाते हैं. वे कछुओं को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में स्थित अतरुलिया थाना में पत्तल बनाने वाले मुशहर जाति के लोगों से ₹120 प्रति किलोग्राम के हिसाब से खरीद कर पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिला में कार्तिक साहा नामक व्यक्ति को बेचते हैं.
रेलवे सुरक्षा बल ने कछुआ तस्करों को गिरफ्तार कर वन विभाग को सौंप दिया है. वन विभाग ने कछुओं को संरक्षण प्रदान किया है और तस्करों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है.
इस कार्रवाई में शामिल रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बताया कि वे लगातार कछुआ तस्करी के खिलाफ अभियान चला रहे हैं और लोगों को जागरूक कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि कछुआ तस्करी एक गंभीर अपराध है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: घाघरा थाना गेट के समीप चला सघन वाहन जांच अभियान, नाबालिगों पर सख्त कार्रवाई