अम्बर कलश तिवारी/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद:दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद धनबाद पुलिस अलर्ट मोड पर है, पुलिस द्वारा जिले में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है. होटल, लॉज, रैन बसेरा से लेकर सड़क तक पर लगातार सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है. वहीं, धनबाद स्थित झारखंड से सटे पश्चिम बंगाल बॉर्डर पर भी गहनता से वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर बुधवार को मैथन स्थित डीबूडी चेक पोस्ट पर पुलिस ने गहन वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान पश्चिम बंगाल की ओर से आने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है. दो पहिया वाहनों कक डिक्की और कागजातों को भी खंगाला जा रहा है. जांच में जुटे पुलिसकर्मियों ने बताया कि वैसे तो अक्सर यहां वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाता है, लेकिन दिल्ली ब्लास्ट के बाद आलाधिकारियों की ओर से मिले निर्देश के आलोक में झारखंड-पश्चिम बंगाल के बॉर्डर पर विशेष जांच अभियान जारी है.
इस संदर्भ में धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद प्राप्त निर्देशों के आलोक में जिले के तमाम थाना प्रभारियों, डीएसपी एवं ट्रैफिक पुलिस को विशेष चौकसी और सर्च अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. इस दौरान सार्वजनिक स्थल पर लंबे समय से पार्क वाहनों की जांच कर उसे वहां से हटाने के साथ-साथ जिले के तमाम होटल, लॉज और रैन बसेरों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसके साथ ही विशेष वाहन जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: सात वर्षीय मासूम बच्ची से यौनाचार के आरोप में 14 वर्षीय किशोर निरुद्ध, भेजा गया बाल सुधार गृह