न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: राज्य प्रशासनिक सेवा के 17 अधिकारियों के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त हो गया है. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की हालिया बैठक में इस पर सहमति बनी. बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत राज्य के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. अब UPSC द्वारा आवश्यक औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी किए जाने के बाद केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) पदोन्नति की आधिकारिक अधिसूचना जारी करेगा.
2024 की रिक्तियों के विरुद्ध होगी पदोन्नति
इस वर्ष 2024 की रिक्तियों के आधार पर कुल 17 अधिकारियों को IAS में प्रोन्नत किया जाएगा. इसके लिए राज्य सरकार की ओर से लगभग तीन गुना नाम UPSC को भेजे गए हैं. सूची में 39 बैच के करीब आठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं. UPSC अधिकारियों के सेवा अभिलेख, लंबित आरोपों और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की समीक्षा के बाद अंतिम मंजूरी देगा.
40 बैच के अधिकारियों पर भी विचार
सूची में 40 बैच के अधिकारियों के नाम भी शामिल किए गए हैं. 38 और 39 बैच के अधिकारियों के बाद अब 40 बैच के अधिकारियों की पदोन्नति पर विचार किया जाएगा. उल्लेखनीय है कि इससे पहले 38 बैच के पांच अधिकारियों को IAS में पदोन्नति मिल चुकी है. इन अधिकारियों को जुलाई-अगस्त में ही पदोन्नति मिलने की संभावना थी, लेकिन प्रक्रिया में देरी के कारण निर्णय लंबित रहा. वहीं, बिहार सहित कुछ अन्य राज्यों में 2024 की रिक्तियों के अनुरूप अधिकारियों को पहले ही पदोन्नति दी जा चुकी है.
ये भी पढ़ें- डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में दो दिनों से शिक्षकेतर कर्मचारी आंदोलनरत, अप्रैल 2025 से ACP-MACP मिलना बंद