आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: डीसी सिमडेगा कंचन सिंह ने आज बानो प्रखंड का व्यापक भ्रमण कर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की. बानो भ्रमण के दौरान उपायुक्त यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा एवं सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ मिल सके इसे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
भ्रमण के दौरान डीसी सिमडेगा राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बानो, एस.एस. प्लस टू उच्च विद्यालय बानो, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र मुस्लिम बस्ती, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बानो तथा जनजातीय कल्याण ग्रामीण अस्पताल का निरीक्षण किया. डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा एवं सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है.
भ्रमण के दौरान डीसी सबसे पहले राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बानो पहुंचीं. यहां उन्होंने कक्षा 6, 7, 8 एवं केजी के बच्चों से संवाद किया तथा बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली. कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से उन्होंने संविधान की प्रस्तावना सुनाने का आग्रह किया, जिस पर बच्चों ने सामूहिक रूप से खड़े होकर संविधान की प्रस्तावना प्रस्तुत की. बच्चों के आत्मविश्वास एवं अनुशासन की डीसी ने सराहना की. इसके बाद उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय का निरीक्षण किया और प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि रोस्टर तैयार कर सप्ताह में कम से कम दो दिन बच्चों को पुस्तकालय में बैठाकर अध्ययन कराया जाए, ताकि उनमें पठन-पाठन की रुचि बढ़े.
डीसी ने विद्यालय के मध्याह्न भोजन कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता जांची. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी बच्चों को अनुशासनपूर्वक एक साथ बैठाकर भोजन कराया जाए तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए. उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, स्वच्छता एवं सामाजिक व्यवहार विकसित करने का माध्यम भी है.
इसके बाद डीसी ने जनजातीय कल्याण ग्रामीण अस्पताल, बानो का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी रजिस्टर, मेल एवं फीमेल वार्ड का जायजा लिया तथा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने कहा कि अस्पताल में विभिन्न आवश्यक चिकित्सा उपकरण एवं संसाधन उपलब्ध हैं और इसका बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए. उपायुक्त ने सिविल सर्जन, एमओआईसी बानो एवं परियोजना निदेशक आईटीडीए को आपसी समन्वय स्थापित कर ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों का अतिरिक्त दबाव कम करने के लिए जनजातीय कल्याण ग्रामीण अस्पताल को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए.
डीसी ने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध स्टाफ एवं मेडिकल इक्विपमेंट्स का समुचित उपयोग करते हुए ग्रामीण जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक दवाएं एवं सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं.
इसके पश्चात डीसी ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र मुस्लिम बस्ती का निरीक्षण किया. उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पोषण ट्रैकर एप में दर्ज विवरण एवं केंद्र संचालन की स्थिति की जानकारी ली. डीसी ने आंगनबाड़ी सेविका को निर्देश दिया कि बच्चों के पोषण स्तर एवं नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान दिया जाए. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक अवस्था में बच्चों का समुचित पोषण एवं देखभाल अत्यंत आवश्यक है.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बानो में डीसी ने मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य कक्ष, प्रसव कक्ष, ओपीडी तथा कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) का निरीक्षण किया. ओपीडी में भर्ती एक मलेरिया पीड़ित मरीज से बातचीत करते हुए उन्होंने मच्छरदानी के नियमित उपयोग की सलाह दी. वहीं एमटीसी में भर्ती कुपोषित बच्चों की माताओं से मिलकर उपचार एवं पोषण संबंधी जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि डिस्चार्ज के बाद भी बच्चों की नियमित फॉलोअप मॉनिटरिंग की जाए ताकि जिले का कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे.
निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष में एक महिला द्वारा जुड़वा बेटियों को जन्म देने की जानकारी मिलने पर डीसी ने महिला को बधाई दी तथा केक काटकर इस खुशी के पल को यादगार बनाया. इस अवसर पर अस्पताल कर्मियों एवं परिजनों में भी उत्साह देखा गया. इसके पश्चात डीसी ने एस.एस. प्लस टू उच्च विद्यालय बानो का निरीक्षण कर बच्चों से डिजिटल शिक्षा, खेल गतिविधियों एवं कौशल विकास को लेकर संवाद किया. उन्होंने छात्राओं को बेहतर शिक्षा प्राप्त कर जिले एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया, वहीं छात्रों को खेल एवं पारंपरिक कौशल से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी.
दौरे के अंत में डीसी ने प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण कार्य की समीक्षा की. निर्माण कार्य की धीमी प्रगति एवं गुणवत्ता को लेकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित संवेदक एवं जेई को फटकार लगाते हुए कार्य को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया.
मौके पर सिविल सर्जन, परियोजना निदेशक आईटीडीए, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी बानो सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: विशेष पखवाड़ा के तहत जलापूर्ति के लिए रामगढ़ में शनिवार को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे शिविर