न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू के शहर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बेखौफ होकर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. कुंड मोहल्ला निवासी मोहम्मद समीर खलीफा उर्फ गुड्डू खलीफा की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी. मिली जानकारी के अनुसार गुड्डू खलीफा राजा साहेब के कार्यालय में मौजूद थे तभी अचानक तीन नकाबपोश अपराधी छत के रास्ते ऑफिस के भीतर दाखिल हुए और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
इस हमले के दौरान लगभग तीन से चार राउंड गोलियां चलने की सूचना है जिससे इलाके में दहशत फैल गई. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे. बताया जा रहा है कि मृतक गुड्डू खलीफा बैग के थोक व्यापार से जुड़े थे और क्षेत्र के सक्रिय व्यवसायी थे. घटना की जानकारी मिलते ही शहर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.
यह भी पढ़ें: पलामू में रफ्तार का कहर: दो मोटरसाइकिलों के बीच भिड़ंत, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल