न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में पुलिस ने गांजे के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए 1 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया है. पुलिस ने मौके से 65 वर्षीय मंजूर शेख को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 से 40 हजार रुपये बताई जा रही है.
पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि फतेहपुर गांव में मंजूर शेख की दुकान से अवैध रूप से गांजा और अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के बाद एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई.
दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस टीम ने मंजूर शेख के घर स्थित दुकान पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान 1 किलो 200 ग्राम गांजा, 2640 रुपये नकद, लोहे का तराजू, चिलम, लाइटर, स्टील की कैंची और पॉलिथीन बैग बरामद किए गए.
पूछताछ में पुलिस को मंजूर शेख ने बताया कि उसे गांजा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाना क्षेत्र के भसाईपाईकर गांव निवासी साहब शेख से मिलता था, जिसे वह आगे अन्य विक्रेताओं को बेचता था.
मामले में मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 132/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी टीम में थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गौरी शंकर प्रसाद, रविंद्र सिंह, सहायक अवर निरीक्षक यशवंत कुशवाहा समेत सशस्त्र बल शामिल थे.
यह भी पढ़ें: घाघरा में फांसी लगाकर महिला ने की खुदकुशी, मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप