न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: राज्यसभा चुनाव से जुड़े घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस आज विधानसभा के समक्ष विरोध प्रदर्शन करेगी. पार्टी ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आंदोलन का ऐलान किया है. यह प्रदर्शन मध्य प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने और झारखंड में निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी को अतिरिक्त समय दिए जाने के विरोध में आयोजित किया जा रहा है.
कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता नहीं बरती. पार्टी नेताओं का कहना है कि मध्य प्रदेश में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करना और झारखंड में परिमल नथवानी को समय देना लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े करता है. इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस आज सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराएगी.
विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस कोटे के मंत्री, विधायक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे. पार्टी ने इसे लोकतंत्र और चुनावी निष्पक्षता की लड़ाई बताते हुए कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है.
कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन आज सुबह 10 बजे से विधानसभा के समक्ष शुरू होगा. प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेता चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करेंगे और अपने आरोपों को लेकर ज्ञापन भी सौंप सकते हैं. आंदोलन को देखते हुए विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी किए जाने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: डोरंडा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार