न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में ठंड ने एक बार फिर अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया हैं. अगले दो दिनों में मौसम में बड़ा उलटफेर होने वाला हैं. मौसम विभाग ने 11 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट लगाया है यानी आने वाले 48 घंटे लोगों की परीक्षा लेने वाले हैं.
कहां पड़ेगी सबसे ज्यादा मार?
मौसम विभाग के मुताबिक, जिन जिलों को शीतलहर का सबसे ज्यादा खतरा है, वे पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, रांची, बोकारो, खूंटी और रामगढ़ हैं. यहां तेज उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेगी, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी.
तापमान में भारी गिरावट
पिछले 24 घंटों में झारखंड के मौसम ने अचानक करवट ली है और तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई हैं. गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री तक लुढ़क गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया. दिन में हल्की धूप और रात में कड़कड़ाती ठंड के इस अंतर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी हैं. उत्तरी-पश्चिमी शीत हवाओं के लगातार बहने से ठिठुरन इतनी बढ़ गई है कि लोगों ने स्वेटरर्स, जैकेट्स और अलाव जैसी गर्माहट देने वाली चीजें फिर से बाहर निकाल ली हैं. सर्द हवाएं पूरे प्रदेश में सर्दी की दूसरी लहर का संकेत दे रही हैं.
यह भी पढ़े: रांची में राहुल दुबे गैंग के नाम पर मुर्गन कंस्ट्रक्शन कंपनी से मांगी गई रंगदारी, परिवार दहशत में