रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिले में झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजनाओं के लाभुकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर सदर प्रखंड चाईबासा की ग्राम पंचायत निमडीह में गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के तहत मंगलवार को ग्राम निमडीह में अबुआ आवास योजना की लाभुक पार्वती देवी पति स्वर्गीय दीनानाथ शाही के नव निर्मित आवास में विधिवत गृह प्रवेश कराया गया. उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र कुमार और मुखिया सुमित्रा देवगम की उपस्थिति में नारियल फोड़कर गृह प्रवेश की रस्म पूरी की.
इस दौरान लाभुक को नए घर की चाबी सौंपी गई. साथ ही सरकार की ओर से गिफ्ट के रूप में हॉकिंस प्रेशर कुकर भी प्रदान किया गया. अधिकारियों ने लाभुक को बधाई देते हुए कहा कि अबुआ आवास, अंबेडकर आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य हर गरीब परिवार को पक्का मकान देना है. ऐसे गृह प्रवेश कार्यक्रमों से अन्य लाभुकों को भी समय पर निर्माण पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी.मौके पर पंचायत सचिव पूनम कुमारी, रंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. ग्रामीणों ने योजना के लिए सरकार का आभार जताया.