संदीप बरनवाल/न्यूज़11 भारत
गिरीडीह/डेस्क: गावां थाना क्षेत्र के सेरुआ पंचायत अंतर्गत लोहराडीह गांव में बीते 15 मई को वृद्ध महिला मुंद्रिका देवी को बंधक बनाकर करीब 14 लाख के सोने चांदी के जेवरात, नकदी व कपड़ा आदि लुटे जाने के मामले का खुलासा अब तक पुलिस नहीं कर पाई है. गुरुवार को लोहराडीह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बीच नदी में लुटे गए 5 बक्सा, एक ट्रॉली बैग, कपड़ा, तस्वीर, व कागजात फेंका हुआ मिला है.
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोग बारिश के बाद नदी की तरफ घूमने आए थे तो बक्सा आदि पर नजर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई. जानकारी के अनुसार बक्सा वगेरह जमीन में गाड़ दिया था. बारिश के कारण वह बाहर निकला तब लोगों की नजर पड़ी. इसकी सूचना पर गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार दल बल के साथ पहुंचे व जांच पड़ताल के बाद खाली बक्सा व कागजात वगेरह गृहस्वामी को घर ले जाने के लिए कहा. उसके बाद परिवार के लोग बक्सा आदि घर ले गए. इधर घटना के 15 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक इस घटना का उद्भेदन नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है.
वहीं सेरुआ पंचायत के ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना के बाद गांव के लोग रात रात भर जग रहे हैं दहशत के साये में जीने को विवश हैं. बताया कि पिछले तीन चार दिन से कुछ लोग गांव में रात में घूमते हुए देखे जा रहे हैं जिस कारण और भी भय बना रहता है. इधर थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने कहा कि मामले के उद्भेदन को लेकर पुलिस लगी हुई है. नदी में सामान फेंके हुए मिलने से कई सुराग मिलने की उम्मीद है जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: चौपारण में नाई समाज की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, दयानंद ठाकुर को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी