न्यूज़11 भारत
कोलकाता/डेस्क: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रभावशाली नेता और बांदीपुर ग्राम पंचायत के उप-प्रधान प्रसेनजीत साहा को पुलिस ने गंभीर आरोपों के तहत गिरफ्तार किया है. उन पर जबरन वसूली, लोगों को धमकाने और अवैध तरीके से बड़ी संपत्ति अर्जित करने जैसे संगीन आरोप लगे हैं. उत्तर 24 परगना जिले की खरदह विधानसभा क्षेत्र में प्रसेनजीत साहा को टीएमसी का बेहद ताकतवर स्थानीय चेहरा माना जाता रहा है. आरोप है कि उन्होंने अपने राजनीतिक प्रभाव और पद का इस्तेमाल करते हुए कम समय में भारी संपत्ति खड़ी कर ली. गिरफ्तारी के बाद रहरा थाना पुलिस ने उन्हें बैरकपुर उप-विभागीय अदालत में पेश किया, जहां मामले को लेकर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई.
आलीशान 'पी गैलेक्सी हाउस' बना चर्चा का केंद्र
प्रसेनजीत साहा का आलीशान बंगला 'पी गैलेक्सी हाउस' इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. हाल ही में इस भव्य मकान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद उनकी संपत्ति को लेकर सवाल उठने लगे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत उप-प्रधान के पद पर रहते हुए प्रसेनजीत अक्सर अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर लोगों को डराने-धमकाने और कथित तौर पर अवैध वसूली करने में लगे रहते थे. इसके अलावा उन पर यह भी आरोप है कि कल्याणी एक्सप्रेसवे के किनारे मौजूद बड़े वेटलैंड क्षेत्रों को अवैध रूप से मिट्टी भरकर समतल कराया गया. बाद में इस जमीन को ऊंचे दामों पर बेचने का भी आरोप लगाया गया है.
बीजेपी ने साधा निशाना
प्रसेनजीत साहा की गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके आलीशान बंगले का वीडियो साझा करते हुए टीएमसी पर हमला बोला. BJP ने पोस्ट में लिखा कि यह 'टीएमसी के जमीनी नेतृत्व की असल तस्वीर' है, जो कथित तौर पर डर, दबाव और जबरन वसूली की राजनीति पर टिकी हुई है.
यह भी पढ़ें- BIT मेसरा में झारखंड के छात्रों के लिए मिलने वाला 50% होम स्टेट कोटा समाप्त