न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: मौसम विभाग ने झारखंड में 10 जून के आसपास मानसून के प्रवेश करने की सम्भावना जताई है. लेकिन माना जा रहा है कि 10-15 जून के बीच मानसून झारखंड पहुंच जाएगा. लेकिन इससे पहले राज्य के कई जिलों में हो रही बारिश राहत और आफत दोनों लेकर आई है. झारखंड के कुछ जिलों में काफी तेज रफ्तार की हवाओं के साथ बारिश हो रही है. जिसके कारण कुछ जगहों से पेड़ों के उखड़ने की भी खबरें आ रही हैं.
रविवार के मौसम के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि रांची, साहेबगंज, दुमका, हजारीबाग, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, सरायकेला, पलामू में 40-50 किमी की रफ्तार के साथ हवा चल सकते ही और गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार इस समय काल वैशाखी एक्टिव है, इसी कारण झारखंड ही नहीं, देश के कई राज्यों का भी यही हाल है. मौसम विभाग ने झारखंड समेत 19 राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की है. रांची जिले की बात करें तो रविवार को पारा 32°C-33°C तक पहुंच सकता है.
कुल मिलाकर रविवार को झारखंड में सुबह बादल, दोपहर को गर्मी और शाम-रात में आंधी-बारिश का दौर चल सकता है. अलग-अलग जिलों में 40 से 70 किमी की रफ्तार की आंधी के साथ भारी बारिश हो सकती है. पेड़ उखड़ने की सम्भावित घटनाओं और वज्रपात के कारण लोगों को सावधान रहने को कहा गया है.
यह भी पढ़ें: रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, SIS सुरक्षा गार्ड कंपनी की गाड़ी ने स्कूटी सवार युवक को मारी टक्कर