न्यूज 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा की समृद्ध कला एवं संस्कृति को डिजिटल पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘सचिदा ऑफिशियल’ यूट्यूब चैनल पर ओड़िया वीडियो एलबम ‘मरी गली तो पांई मु’तथा भक्ति गीत ‘विनती सूनलो भोले नाथ’ का भव्य विमोचन किया गया. भक्ति गीत को स्थानीय गायिका कोयल मिश्रा ने अपनी मधुर आवाज दी है, जबकि इसके बोल उनके पिता राम कुमार मिश्रा ने लिखे हैं.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश सारंगी ने दीप प्रज्वलित कर दोनों गीतों का विमोचन किया. उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय कलाकारों को डिजिटल मंच उपलब्ध कराना क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय कदम है.
‘एसबी म्यूजिकॉम’ ग्रुप के संचालक सचिदानंद ने बताया कि उनका उद्देश्य बहरागोड़ा के कलाकारों को एक ऐसा मंच देना है, जहां वे अपनी प्रतिभा को दुनिया के सामने प्रस्तुत कर सकें. उन्होंने कहा कि भविष्य में क्षेत्र के युवाओं को पहचान और अवसर के लिए भटकना नहीं पड़ेगा.
ओड़िया एलबम मरी गली तो पांई मु’ की खासियत यह है कि इसके लेखन, गायन और अभिनय में स्थानीय कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. एलबम के गीतकार, गायक और मुख्य अभिनेता स्वयं सचिदानंद हैं. वहीं अचिंता और कनिष्का ने सह-कलाकार के रूप में अभिनय किया है. वीडियो का निर्देशन सुमंत बाला ने किया है तथा संपादन मुंडा जी ने किया है. गाने का संगीत दीपांजन रॉय ने तैयार किया है और इसकी रिकॉर्डिंग जमशेदपुर के दीप्ति स्टूडियो में हुई है.
विमोचन समारोह में कलाकारों और सांस्कृतिक प्रेमियों की बड़ी उपस्थिति रही. इस अवसर पर सचिदानंद, कनिष्का, राजू, सुरजीत, कमल, कृष्णा, सुजीत मंडल, पूर्ण चंद्र, राम कुमार मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने इसे बहरागोड़ा की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया.
यह भी पढ़ें: दिवंगत पत्रकार परमानंद चौधरी को भावभीनी श्रद्धांजलि, वक्ताओं ने याद किए उनके योगदान