न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान दो अपराधियों को गोली लगी, जबकि अन्य दो को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खलारी थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी कोयला व्यवसायी को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं.
इसी सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी, खलारी डीएसपी और एसएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. कार्रवाई के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला. मुठभेड़ में साजन अंसारी और अमित गुप्ता नामक दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए. इनके अलावा आतिश दास और देवानंद दास को भी गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपी राहुल दुबे गिरोह से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं.
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के कब्जे से आठ अवैध हथियार और कई गोलियां बरामद की हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये अपराधी रांची के एक कोयला व्यवसायी को टारगेट करने की योजना बना रहे थे. फिलहाल घायल अपराधियों का इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है और पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर लगाम कसने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें- नौकरी के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी, तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे