चंचल गिरी/न्यूज11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के धसनिया गांव के समीप बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक आठ वर्षीय मासूम की जान ले ली.जहां तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से महज आठ वर्षीय एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं गांव में मातम का माहौल छा गया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोबिंदपुर–साहिबगंज स्टेट हाईवे को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे बच्चा सड़क के पास मौजूद था. इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए.मासूम की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार से वाहन गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से गति नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले भी इस सड़क पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए और न ही नियमित निगरानी की व्यवस्था की गई.ग्रामीणों ने प्रशासन से धसनिया गांव के पास अविलंब स्पीड ब्रेकर निर्माण, चेतावनी संकेतक लगाने तथा तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने की मांग की. वही घटना की सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से बात कर लोगों को शांत कराने और जाम हटाने का प्रयास किया. ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाता है तो भविष्य में भी ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति हो सकती है. पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.