न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र और अपर-एयर सर्कुलेशन के कारण झारखंड में मौसम बिगड़ा हुआ है. इसका असर सीधे तौर पर रांची सहित राज्य के कई जिलों में देखने को मिल रहा है. गुरुवार सुबह से ही राजधानी रांची में लगातार बारिश हो रही है.
11 जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने रांची, गुमला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, खूंटी और सरायकेला में भारी से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
5 सितंबर तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने साफ किया है कि झारखंड में बारिश का यह सिलसिला 5 सितंबर तक जारी रहेगा. सभी जिलों में छुटपुट बारिश होती रहेगी. लोगों को आंधी और वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विभाग ने कहा है कि बारिश या आंधी के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि इससे बड़ा हादसा हो सकता है.
बारिश का हाल
बुधवार को भी रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रही. रांची में 5.8 मिमी, जमशेदपुर में 8.4 मिमी, चाईबासा में 4.1 मिमी और लातेहार में 12.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 65.6 मिमी बारिश हुई.
यह भी पढ़े: बिजली बिल से नाराज़ युवक 100 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा, बोला- "बिल कम करो तभी उतरूंगा"