पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना कांड संख्या 58/2026 में युवती से दुष्कर्म एवं मारपीट के आरोपी चपका निवासी महादेव उरांव को घाघरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गुमला भेज दिया. इसकी जानकारी थाना प्रभारी मोहन सिंह ने दी. जानकारी के अनुसार, मामले में पीड़िता के पिता ने घाघरा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी. आवेदन में बताया गया कि उनकी पुत्री की शादी महादेव उरांव से तय हुई थी, लेकिन युवक के आचरण से असंतुष्ट होने के कारण परिजनों ने विवाह करने से इनकार कर दिया था.आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर 9 जुलाई की रात आरोपी ने युवती को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसने युवती के साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गई. घटना के बाद परिजनों ने पीड़िता को इलाज के लिए गुमला के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है. वही थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही थी. इसी क्रम में चपका गांव से आरोपी महादेव उरांव को गिरफ्तार किया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में गुमला भेज दिया गया.
यह भी पढ़ें: पेशरार अंधेरे में, शीघ्र विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं होने पर करेंगे आंदोलन - संदीप भगत