किशोर कुमार जायसवाल/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गुमला के कक्षा द्वादश (12वीं) के भैया अभिषेक कुमार ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जेईई मेंस (JEE Mains) की परीक्षा में 97.5 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं. अभिषेक की इस ऐतिहासिक सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे विद्यालय का मान बढ़ाया है. विशेष बात यह है कि अभिषेक ने यह सफलता अपने प्रथम प्रयास में ही हासिल की है. अभिषेक की इस उपलब्धि पर विद्यालय में उत्सव का माहौल है. स्थानीय प्रबंधन समिति के अधिकारी,आचार्य, दीदी जी और सहपाठियों ने मिलकर खुशी का इजहार किया.
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव विजय बहादुर सिंह ने कहा कि अभिषेक की यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत और अनुशासित जीवन का परिणाम है. हमारे विद्यालय का लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि छात्रों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना भी है. अभिषेक ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो तो संसाधनों की कमी कभी बाधा नहीं बनती. हमें पूर्ण विश्वास है कि वह आगे चलकर एक श्रेष्ठ इंजीनियर के रूप में देश की सेवा करेगा.
प्रधानाचार्य जितेंद्र तिवारी ने कहा कि आज पूरे विद्यालय परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है. प्रथम प्रयास में 97.5 परसेंटाइल लाना कोई साधारण बात नहीं है. यह अभिषेक की एकाग्रता और हमारे आचार्यों के कुशल मार्गदर्शन की जीत है. मैं अन्य भैया-बहनों से भी यही कहूंगा कि अभिषेक से प्रेरणा लें और लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम करें. अभिषेक को उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएं.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में बदमाशों का आतंक, पुलिसकर्मी को मारी गोली