न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: किसानों की आय में बढ़ोत्तरी ही सरकार का लक्ष्य है. आय में बढ़ोत्तरी से ही सरकार की योजना का आकलन होगा. मतलब किसानों की आय में बढ़ोत्तरी ही योजना की सफलता का पैमाना होगा. ये बात राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कही है. कृषि मंत्री मंगलवार को रांची धुर्वा स्थित शालीमार मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र में मात्स्यिकी विषयक कार्यशाला सह संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहीं थी.
विभाग ने इस बार राज्य में 260 वेद व्यास आवास योजना का लक्ष्य निर्धारित किया है. चिन्हित लाभुकों के बीच योजना का वितरण शुरू कर दिया गया है. इतना ही नहीं इस मौके पर 540 लाभुकों के बीच 964.37 लाख रुपए की परिसंपत्ति का वितरण किया गया. जिसमें पिकअप वैन, आइस बॉक्स, केज हाउस, मोटर चलित नाव, गिल नेट सहित अन्य योजनाएं शामिल है.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने इस मौके पर कहा कि राज्य के मछुआरों को वेद व्यास आवास दिया जा रहा है. इससे मिट्टी के मकान में रहने वाले परिवार का पक्के मकान में रहने का सपना साकार होगा. उन्होंने कहा कि मछुआरों के लिए दिए जा रहे वेद व्यास आवास की पहचान नीले रंग से होनी चाहिए. ऐसा करना बेहतर होगा और एक अलग पहचान बनेगी. मछुआरों के लिए सरकार क्या कर रही है इसका संदेश गांव-गांव , घर-घर तक जाना चाहिए.
मत्स्य पालन के क्षेत्र में झारखंड के अंदर असीम संभावनाएं है. फिलहाल 4 लाख मीट्रिक टन मछली का उत्पादन हो रहा है जबकि क्षमता 7 लाख मिट्रिक टन तक की है. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग और मत्स्य पालकों को संयुक्त पहल करने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें- बड़ा तालाब के 53 एकड़ क्षेत्रफल में से बचा सिर्फ 17 एकड़, सिकुड़ गई 36 एकड़ जमीन... मापी में हुआ खुलासा