‘प्रेस टूर टू केरलम’

पीआईबी रांची के ‘प्रेस टूर टू केरलम’ के लिए 12 मीडियाकर्मियों का दल रवाना

रांची से 12 पत्रकारों का दल केरलम रवाना 

By : Ark Sahuliyar
पीआईबी रांची के ‘प्रेस टूर टू केरलम’ के लिए 12 मीडियाकर्मियों का दल रवाना

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क:
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रांची के तत्वावधान में आयोजित ‘प्रेस टूर टू केरलम’ के लिए रविवार को झारखंड के 12 मीडियाकर्मियों का प्रतिनिधिमंडल केरलम राज्य के लिए रवाना हुआ. पांच दिवसीय यह दौरा 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है. क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर और प्रिंस कुमार इस भ्रमण कार्यक्रम के आयोजन और समन्वय अधिकारी हैं. 

दौरे का उद्देश्य झारखंड के पत्रकारों को केरलम में अवस्थित भारत सरकार के विभिन्न सस्थानों और लोक उपक्रमों का भ्रमण करने के साथ साथ उन्नत बुनियादी ढांचे, पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहरों तथा राष्ट्रीय महत्व के वैज्ञानिक संस्थानों की कार्यप्रणाली से जमीनी स्तर पर अवगत कराना है.

दौरे की शुरुआत 31 अगस्त कोच्चि से होगी, जहां प्रतिनिधिमंडल भारत की पहली आधुनिक ‘कोच्चि वाटर मेट्रो’ प्रणाली का अवलोकन करेगा. इसके साथ ही दल बहुसांस्कृतिक इतिहास वाले फोर्ट कोच्चि और मसालों के व्यापार के ऐतिहासिक केंद्र मट्टनचेरी का भ्रमण करेगा. 1 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल कोट्टायम स्थित रबर बोर्ड के राष्ट्रीय मुख्यालय का दौरा कर केरल की रबर अर्थव्यवस्था को समझेगा तथा कुमारकोम में वेम्बनाड झील पर इको-टूरिज्म के विकास मॉडल का अध्ययन करेगा.

तिरुवनंतपुरम पहुंचने के बाद 2 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल पीआईबी के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) तथा केरल के राज्यपाल से औपचारिक मुलाकात करेगा. इसी दिन दल ऐतिहासिक पद्मनाभस्वामी मंदिर के दर्शन भी करेगा. 3 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल सीएसआईआर-एनआईआईएसटी (CSIR-NIIST) और एससीटीआईएमएसटी (SCTIMST) जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों का दौरा करेगा और चिकित्सा एवं शोध के क्षेत्र में केरल की तकनीकी प्रगति का अध्ययन करेगा. दौरे के अंतिम दिन 4 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल बहुचर्चित विझिंजम प्राकृतिक गहरे पानी वाले बंदरगाह (Vizhinjam Port) का अवलोकन करेगा. इसके अतिरिक्त यह दल विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र का भी दौरा करेगा.