विकास कुमार/न्यूज़ 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: हुसैनाबाद स्थानीय एके सिंह कॉलेज जपला मे दिनांक 9 मार्च 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पूजा कुमारी, राजनंदनी कुमारी, रागनी कुमारी,पुष्पा कुमारी, पम्मी कुमारी,रिंकी कुमारी सहित अनेक स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं ने महिलाओं की प्रगति में आने वाली समस्याएं और उसके समाधान विषय पर अपने अपने विचार रखे. पूजा कुमारी ने अपने संभाषण में दहेज प्रथा का विरोध किया. रिंकी कुमारी ने समाज में नारियों की स्थिति की वास्तविकता से रूबरू करायी. उसने कहा कि नारियों की स्थिति समाज में आज भी असमान और दयनीय है.
रागनी कुमारी ने कहा कि यदि समाज में सम्मान से जीना है तो अच्छी शिक्षा प्राप्त करें और कामयाबी हासिल करें. कार्यक्रम का संचालन रिंकी कुमारी ने किया. इस अवसर पर कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. राजेश कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक घर से लड़कियां हर क्षेत्र में आगे कार्य कर रही हैं, चाहे वह शिक्षा का क्षेत्र हो ,खेल का क्षेत्र हो या फिर विज्ञान और तकनीक का क्षेत्र ही क्यों न हो. समाज में नारियों की स्थिति बेहतर हुई है.हिंदी विभागाध्यक्ष -सह- आई क्यू ए सी समन्वयक डॉ. आलोक रंजन कुमार ने कविता के माध्यम से महिलाओं के समाज एवं देश में दिए गए योगदान तथा उनकी प्रगति को रेखांकित किया.
प्राचार्य डॉ राम सुभग सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वर्तमान युग आर्थिक और वैज्ञानिक युग है. आज नारियों को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनना होगा, तभी आप समाज में अपनी पहचान बनाने में कामयाब होंगे और निर्णय में सहभागी होंगे. धन्यवाद ज्ञापन प्रो राहुल कुमार सिंह ने किया और अध्यक्ष की अनुमति से कार्यक्रम के समापन की घोषणा की. इस अवसर पर अकाउंटेंट ओम प्रकाश सिंह, विवेक कुमार, प्रिंस कुमार सिंह सहित शिक्षक शिक्षकेत्तर कर्मचारीगण तथा सैकड़ों छात्र छात्राएं उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद पुलिस ने एक महिला के शव को किया बरामद, जांच में जुटी पुलिस