न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद के पुटकी स्थित बीसीसीएल बी-टाइप कॉलोनी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पार्किंग गैरेज में खड़ी हुंडई i20 कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार धू-धू कर जलने लगी. कुछ ही देर में लग्जरी कार पूरी तरह जलकर राख हो गई.
घर के अंदर थे कार मालिक
कार मालिक मुनेश्वर प्रसाद ने बताया कि घटना के समय वे अपने घर के अंदर थे. इसी दौरान बाहर से शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी. जब वे तुरंत बाहर निकलकर गैरेज पहुंचे, तो देखा कि उनकी कार से धुआं उठ रहा है. इससे पहले कि वे या आसपास के लोग कुछ समझ पाते या आग बुझाने की कोशिश करते, आग तेजी से फैल गई और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया.
दमकल टीम ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुटकी पुलिस और दमकल विभाग को बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में आग लगने के संभावित कारणों में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट या ईंधन रिसाव की आशंका जताई जा रही है. साथ ही पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह घटना किसी साजिश का परिणाम तो नहीं.
कार में आग से बचने के लिए सावधानियां
विशेषज्ञों के अनुसार वाहन मालिकों को कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए, जैसे कार की वायरिंग और फ्यूल पाइप की समय-समय पर जांच कराना. वाहन में पेट्रोल की बोतल, परफ्यूम जैसे ज्वलनशील पदार्थ न रखना. कार में हमेशा एक छोटा अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंगुशर) रखना.
ये भी पढ़ें- झारखंड पुलिस को 1477 नए वाहनों की सौगात, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिखाई हरी झंडी