प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय सभागार मे बीडीओ रेश्मा रेखा मिंज एवं आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई. वही अंबेडकर विचार मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य संरक्षक बिरजू राम ने की तथा संचालन रविंद्र राम व अवधेश मेहरा ने किया.कार्यक्रम से पूर्व बाबा साहब के बैनर-पोस्टर के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में “जय भीम” और “बाबा साहब अमर रहें” के नारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा.
नगर भ्रमण करते हुए जुलूस कार्यक्रम स्थल पहुंचा.जहां दोपहर में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह, बीडीओ रेशमा रेखा मिंज एवं एसडीपीओ भरत राम को गाजे-बाजे, ढोल-मांदर के साथ प्रतिमा स्थल तक लाया गया. सभी अतिथियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.इस अवसर पर जिप सदस्य संतोषी शेखर, सीओ लवकेश सिंह, थाना प्रभारी अनुराग कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी,पूर्व जिला परिषद सदस्य पति सह समाजसेवी मनान अंसारी विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जायसवाल अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
सैकड़ों लोगों ने बारी-बारी से प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बाबा साहब को नमन किया.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि बाबा साहब के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बाबा साहब के आदर्शों को अपनाकर ही समाज की कुरीतियों और भेदभाव को दूर किया जा सकता है.वहीं परम विद्या निकेतन स्कूल की ओर से शिक्षक रमेश कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने भी शोभायात्रा निकाली और अंबेडकर चौक पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
अंबेडकर विचार मंच द्वारा बाहर से आए कलाकारों के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने गीतों के जरिए बाबा साहब के जीवन और उनके योगदान का जीवंत चित्रण किया.कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की भागीदारी रही और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला.
यह भी पढ़ें: अंबेडकर जयंती पर गहिरा गांव में श्रद्धांजलि, 40 बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित