मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीसीएल क्षेत्र पिपरवार में गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा चिरैयाटांड़ और भेलवाटांड़ के बीच उस समय हुआ, जब एक स्कॉर्पियो और पल्सर बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पल्सर 220 बाइक पर चार युवक सवार होकर चिरैयाटांड़ से भेलवाटांड़ की ओर जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो से उनकी आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पल्सर बाइक के परखच्चे उड़ गए.
हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए बचरा स्थित सीसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान स्कॉर्पियो का एयरबैग खुल गया, जिससे उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए. वहीं बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. समाचार लिखे जाने तक मृतक युवकों और घायल की पहचान नहीं हो पाई थी. पुलिस शवों को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास कर रही है तथा आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: सरहुल पूजा समिति शहीद चौक बुकबुका का गठन, निखिल मुंडा अध्यक्ष एवं विशाल उरांव सचिव बने