संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
चांडिल/डेस्क: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के तिरुलडीह पंचायत में शनिवार को ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई. तिरुलडीह में प्रस्तावित पीएसी स्वास्थ्य जांच यूनिट का विधिवत शिलान्यास ईचागढ़ की विधायक सबिता महतो ने किया. इस अवसर पर विधायक के साथ स्थानीय मुखिया सुधीर सिंह मुंडा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे.
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक सबिता महतो एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की. इसके बाद विधायक एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा शिलापट्ट का अनावरण भी किया गया. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखने को मिला.विधायक सबिता महतो ने बताया कि लगभग 49 लाख रुपये की लागत से स्वास्थ्य जांच यूनिट का निर्माण कराया जाएगा.
इस यूनिट के शुरू होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही कई प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. उन्होंने बताया कि यहां ब्लड जांच, एक्स-रे समेत विभिन्न प्रकार की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है.उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को सामान्य जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों एवं शहरों का चक्कर लगाने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी. खासकर गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. स्वास्थ्य जांच यूनिट के निर्माण से तिरुलडीह एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी. उन्होंने कहा कि सरकार एवं जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य ग्रामीणों तक मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है. निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए विधायक सबिता महतो ने संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण निर्धारित मापदंड एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ कराया जाए तथा कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सके.
इस मौके पर मुखिया सुधीर सिंह मुंडा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्वास्थ्य जांच यूनिट के निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि तिरुलडीह और आसपास के गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलेगी.शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, संबंधित विभाग के कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. स्वास्थ्य जांच यूनिट के निर्माण की शुरुआत से क्षेत्र के लोगों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने को लेकर उम्मीद जगी है.