न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार हजारीबाग में एक अल्पसंख्यक परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या तथा हाल के दिनों में एक पत्रकार के घायल होने की गंभीर घटना की निष्पक्ष जांच हेतु चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि समिति का उद्देश्य घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवार एवं संबंधित पक्षों से मुलाकात कर वास्तविक स्थिति की जानकारी एकत्रित करना है, ताकि सत्य तथ्यों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी को विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा जा सके.
गठित जांच समिति के सदस्य निम्नलिखित हैं:
- राजेश कच्छप- उपनेता, कांग्रेस विधायक दल
- ममता देवी- माननीय विधायक
- आलोक कुमार दुबे- प्रदेश महासचिव
- मंजूर अंसारी- चेयरमैन, प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग
मुंजनी ने बताया कि समिति शीघ्र ही हजारीबाग पहुंचकर पीड़ित परिवार एवं घायल पत्रकार से मुलाकात करेगी तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती है.
यह भी पढ़ें: मेदिनीनगर में श्री श्री आनंदमूर्ति जी का 105वां जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न, गूंजा ‘आनंद’ का स्वर