अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के केतार प्रखंड क्षेत्र के परसोडीह गांव में सड़क पर जलजमाव से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई तालाब नहीं, बल्कि गांव की मुख्य सड़क है. दो दिनों की बारिश के बाद सड़क पर इस कदर पानी जमा है कि राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों के अनुसार, इसी सड़क का उपयोग बड़ी संख्या में लोग केतार आने-जाने के लिए करते हैं.
सड़क के किनारे करीब दो वर्ष पहले नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन नाली से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ और सरकारी राशि खर्च होने के बाद भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है.
जिस स्थान पर जलजमाव है, वहीं जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान भी स्थित है. राशन लेने आने वाले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को पानी से होकर गुजरना पड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि कई महिलाएं पानी में फिसलकर गिर चुके हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को चुनाव के समय ग्रामीणों के वोट की जरूरत होती है, लेकिन चुनाव के बाद सड़क और जलनिकासी जैसी मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता. ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों से सड़क पर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा नाली की जांच कराकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है. नाम नहीं उजागर करने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पहले बनाई गई नाली का उद्देश्य जलनिकासी से अधिक सरकारी राशि खर्च करना रह गया, यही वजह है कि आज भी सड़क पर पानी जमा है.