उत्तम विश्वकर्मा/ न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: शुक्रवार को पीएम श्री आदर्श मध्य विद्यालय राजगंज परिसर में टूरल एक्सचेंज (Cultural Exchange) कार्यक्रम सह खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि राजगंज पंचायत की मुखिया बंदना बारुई एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामानंद पासवान द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई.
टूरल एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भावना को दर्शाते हुए विभिन्न प्रस्तुतियां दीं. विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक संस्कृत नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सांस्कृतिक समझ, आपसी सम्मान और आत्मविश्वास का विकास करना था.
इसके पश्चात खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 87 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिताओं में बोरा रेस, जलेबी रेस, सुई-धागा रेस, चम्मच रेस, लॉन्ग जंप, हाई जंप, डिस्कस थ्रो, भाला फेंक, गोला फेंक, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ शामिल थीं.
सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहवर्धन के लिए मेडल, शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है.
विद्यालय परिवार की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि शनिवार को विद्यालय परिसर में वार्षिक (एनुअल) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें और भी सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी.
यह भी पढ़ें: नारायण प्राइवेट आईटीआई लुपुंगडीह चांडिल में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि