सागर कुमार/न्यूज11 भारत
भुरकुंडा/डेस्क: भुरकुंडा पटेल नगर में कोल फील्ड मज़दूर यूनियन के क्षेत्रीय कार्यालय में आज एरिया कमेटी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता श्री उदय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी अशोक गुप्ता ने निभाई.
इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 12 फरवरी 2026 को होने वाली कोल इंडिया स्तरीय हड़ताल को लेकर रूपरेखा तय करना रहा. बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष उदय कुमार सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले से मौजूद 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार लेबर कोड लाया जा रहा है, जो मजदूर विरोधी है और सीधे तौर पर पूंजीपतियों के हित में बनाया गया है. उन्होंने कहा कि यह बदलाव मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला है.वहीं भुरकुंडा शाखा सचिव पप्पू सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा अब साफ हो चुकी है और कोल कंपनियों को तेजी से निजीकरण की ओर धकेला जा रहा है. उन्होंने ECL और BCCL का उदाहरण देते हुए कहा कि ECL में समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जबकि BCCL में शेयरों की बिक्री की जा रही है. इसके साथ ही कोल इंडिया में 9.4.0 मेडिकल अनफिट नियम को बंद कर देना मजदूरों के लिए बेहद चिंताजनक है.
पप्पू सिंह ने बताया कि वर्तमान में कोल इंडिया में करीब 4 से 5 हजार मजदूर गंभीर बीमारी के कारण बिस्तर पर हैं, जिन्हें न तो काम दिया जा रहा है और न ही वेतन. साथ ही रैयतों की जमीन अधिग्रहण के बदले पहले मिलने वाली मुआवजा + नौकरी की व्यवस्था को खत्म कर केवल मुआवजा दिया जा रहा है, जो स्थानीय लोगों के साथ अन्याय है.
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि कंपनी मजदूरों की सुविधाएं एक-एक कर छीन रही है और अगर अभी आवाज़ नहीं उठाई गई तो आने वाला समय और भी कठिन होगा. इसी को देखते हुए 12 फरवरी की हड़ताल को पूरे कोल इंडिया में ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया गया.
बैठक में प्रमुख रूप से अशोक गुप्ता, रमाकांत दुबे, संजय यादव, विनोद साव, मनजीत रंजन, पप्पू सिंह, सुधीर सिंह, मनोज कुमार, गौरी शंकर, एमडी हसन, तूफान करमाली, आशीष कुमार साहू, सुरेंद्र ठाकुर, सर्दीप राम, सनोज हरिजन, सुरेंद्र यादव, महेंद्र बेदिया, उमाशंकर प्रसाद, एमडी दानिश, जलेश्वर करमाली, परदेसी मोहम्मद, सकलेन, दयानंद प्रसाद केसरी, मनोज कुमार राम, मनमोहन मुंडा, उमेश मुंडा, मोहनलाल, सतनारायण, नरेश महतो सहित बड़ी संख्या में यूनियन कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: आरक्षी देव कुमार दास बने पुलिसमैन ऑफ द वीक: एसपी सिमडेगा ने किया सम्मानित