न्यूज11 भारत
रांची/डेस्कः- झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने वाले हैं. इस अवसर पर 115 कलाकारों ने मिलकर एक अनोखा एंथम गीत तैयार किया है. जिसका नाम हमर झारखंड रखा गया है. मंगलवार को इस गीत का प्रीमियर शो रांची के जेडी सिनेमा हॉल में आयोजित किया गया. ये पहली बार हुआ है जब झारखंड में बोली जाने वाली सभी प्रमुख 9 भाषाओं नागपुरी, खोरठा, कुड़ुख, संताली, मुंडारी, हो, खड़िया, कुड़माली और पांचपरगनिया को एक ही गीत में शामिल किया गया है. गीत की अवधि 12 मीनट की रखी गई है. इसकी शूटिंग भी झारखंड के खूबसूरत और एतिहासिक स्थलों में की गई है. इनमें रांची, हजारीबाग, दशम फॉल, हुंडरू फॉल, पतरातू, ओरमांझी, खूंटी, डुंबारी बुरु, निकटा पहाड़ और खलारी सहित कई लोकेशन शामिल हैं. इसकी शूटिंग मात्र 10 दिनों में पूरी की गयी. गीत को सभी जनजातिय समुदायों की पोशाक और लोकसंस्कृति को दर्शाया गया है. गीत का संगीत निपेन डेम्टा और विवेक नायक ने तैयार किया है. गीतकार मंगल करमाली है. यह एंथम गीत गिरीराज नागपुरी यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया है.
गीत को गाने वालों में पवन रॉय, मोनिका मुंडू, ज्योति साहू, विवेक नायक, नितेस कच्छप, रविकांत भगत, मनोज देहाती, कुमार सावन, सुखराम पहान, बिपिन बारला, तरुण कुल्लू, बिनय कुमार, संजय नायक, शैलेश कुमार महतो, बाया हो, जितेंद्र लोहारा सहित राज्य के कई जाने-माने कलाकार शामिल है. इस गीत में अपनी आवाज पद्मश्री मधु मनसुरी हसमुख ने दी है. वहीं मांदर सम्राट मनुपुरन नायक का भी योगदान रहा है. गीत में झारखंड के पारंपरिक छउ नाच, पाइका, मरदाना झुमर, नागपूरी व मुंडारी नृत्य को भी सम्मानित किया गया है. गीत का निर्माण प्रोड्यूसर मुकेश गिरि ने किया है. इसका निर्देशन विवेक नायक और पिक्चराइजेशन जोसेफ पुर्ति द्वारा किया गया है.
ये भी पढ़ेंः- 9/11 अमेरिका, 26/11 मुंबई, 10/11 दिल्ली, आखिर क्या है आतंकी हमले की 11 नंबर का कनेक्शन, आइए जानते हैं...