गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा /डेस्क:बहरागोड़ा के नेताजी सुभाष शिशु उद्यान में पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ की बैठक अरविंद प्रहराज के अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में नव चयनित जिला अध्यक्ष अरूण बारिक शामिल हुए. बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया. जिला अध्यक्ष अरूण बारिक ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड सरकार जल्द राज्य में पेसा नियमावली लागू करें. पेसा नियमावली को लागू करने को लेकर उच्च न्यायालय में मामला चल रहा है. सुनवाई की कई तिथियां हो रही है, परन्तु झारखंड सरकार द्वारा उच्च न्यायालय में शपथ पत्र देकर तिथि की घोषणा होना बाकी है. पेसा नियमावली सभी समुदाय के हित में तैयार करें और जल्द लागू करें. लागू होने से स्थानीय स्वशासन व्यवस्था सुचारू रूप से चलने लगेगा. अगर सरकार जल्द पेसा नियमावली सबका अधिकार एवं सबका राज की स्वशासन व्यवस्था लागू नहीं करती है तो अगले साल जनवरी से चरणबद्ध आन्दोलन किया जायेगा. इसमें सभी वर्गों के लोग शामिल होंगे.
उन्होंने कहा 24 दिसंबर को चाकुलिया में ग्राम सभा स्थापना दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे. पूर्वी सिंहभूम जिले के तमाम ग्राम प्रधान एवं स्वशासन व्यवस्था से जुड़े ग्राम सभा के सदस्य, पंचायत जनप्रतिनिधि, पेसा कानून के जानकार शामिल होंगे.
बैठक में निर्णय लिया गया कि बहरागोड़ा प्रखंड के ग्राम प्रधानों का हर माह पांच तारीख को मासिक बैठक होगी. पंचायत स्तर पर बैठक आयोजित कर लोगों को पेसा कानून के सम्बन्ध में जानकारी दी जायेगी. ग्राम सभा के अधिकार एवं जिम्मेदारी पर चर्चा होगी. इस अवसर पर अध्येन्दु प्रहराज, देवाशीष कुईला, रविन्द्र साव,तरूण प्रधान, दिवाकर दलोई, धीरेण मल्ल आदि उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: धनबाद: उपायुक्त के निर्देश पर चौक-चौराहों पर की गई अलाव की व्यवस्था