न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: बीते 1 माह से भीषण गर्मी की मार झेल रहे राज्य के लोगों को रविवार को रांची सहित कुछ जगहों पर मौसम के नरम रहने से आंशिक राहत मिली. बरहाल, पलामू, गोड्डा, धनबाद, रामगढ़, चतरा और बोकारो समेत कई जिलों में लोग गर्मी और हीटवेव से परेशान रहे. इन जगहों का तापमान 41 से 44 डिग्री के बीच रहा. रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री डालटनगंज में रिकॉर्ड किया गया. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया. राजधानी रांची में 39 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कुछ जगहों पर बहुत हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई और साथ ही आंधी-तूफान भी आया. सबसे अधिक 16 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में हुई.
पलामू में लू को लेकर Orange Alert जारी
मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान की बात करें तो आज से यानि की 17 से लेकर 22 जून 2024 तक रांची में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और इस क्रम में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है. जबकि, मौसम विभाग ने गढ़वा व् पलामू जिले में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने यह भी अनुमान लगाया है कि पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, चतरा, कोडरमा और हज़ारीबाग़ जिले में लू की स्थिति जारी रहेगी. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.