भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय डेस्क/डेस्क: गांडेय प्रखंड अंतर्गत दासडीह पंचायत के मरगोडीह गांव स्थित स्व. धनेश्वर मंडल समाधि स्थल पर बुधवार को उनकी 7वीं पुण्यतिथि श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का आयोजन समाधि स्थल समिति एवं झामुमो प्रखंड कमिटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया. समारोह में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और राज्यसभा सांसद डा. सरफराज अहमद उपस्थित हुए. मुख्य अतिथियों का पारंपरिक आदिवासी नृत्य और ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया गया.
समारोह की शुरुआत स्व. धनेश्वर मंडल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. उनकी पत्नी रोहिणी देवी, पुत्र दिलीप मंडल, पुत्रवधु संजू देवी, पुत्र राजेन्द्र मंडल, बहन अनिता देवी और दामाद नीरज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया. इसके पश्चात अतिथियों व झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी.
गांडेय प्रमुख राजकुमार पाठक ने मुख्य अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया.
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने अपने संबोधन में कहा, “झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान देना ही सच्ची श्रद्धांजलि है. गिरिडीह जिले में झामुमो आंदोलन के दो केन्द्र रहे—मरगोडीह के धनेश्वर मंडल और झंलकडीहा के सालखन सोरेन. धनेश्वर मंडल जन नेता थे, वे हमेशा कार्यकर्ताओं में जोश भरते थे.”
राज्यसभा सांसद डा. सरफराज अहमद ने कहा, “धनेश्वर मंडल गरीबों की आवाज थे. उन्होंने हमेशा हक और अधिकार के लिए लड़ाई लड़ी.”
झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, “वे अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले योद्धा थे, आंदोलन में उनका तेवर हमेशा अलग होता था.”
इस मौके पर झारखंड आंदोलनकारी ध्रुवदेव पंडित, वैजनाथ राणा, भागवत सिंह, हलधर राय समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे.
कार्यक्रम का संचालन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष चांदमल मरांडी, सचिव मो. शब्बीर एवं पूर्व सचिव भैरव प्रसाद वर्मा ने किया.
कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री, राज्यसभा सांसद, जिलाध्यक्ष समेत अन्य अतिथियों ने गांडेय प्रखंड के विभिन्न गांवों से आए लगभग 20 झारखंड आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया.
साथ ही दिशोम गुरु के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए प्रार्थना सभा आयोजित की गई.
समारोह में पहुंचे ग्रामीणों के बीच पौध वितरण भी किया गया.
इस मौके पर समिति अध्यक्ष हाजी उस्मान, सचिव राजू मंडल, हरि मंडल, जितेन्द्र मंडल, अरुण पाठक, पिंटू यादव, जय प्रकाश पंडित, प्रमोद राम, नवीन वर्मा, अशोक सोरेन सहित गांडेय, गिरिडीह व मुफस्सिल क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: गढ़वा में झारखंड राज्य चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारियों ने की 9 सूत्री मांगो को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल