न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज का मौसम कुछ खास अंदाज में नजर आ रहा है. हल्के बादलों की परत ने आसमान को ढक रखा है, तो वहीं सूरज बीच-बीच में अपनी किरणें बिखेरने की कोशिश कर रहा है.मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और साथ ही तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिलेगा.हालांकि बारिश की संभावना बेहद कम है.
19 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
आईएमडी के मुताबिक, 11 और 12 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में सतही हवाएं 19 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. ये पश्चिमी हवाएं सुबह और शाम के वक्त मौसम को सुहावना बना देंगी. हालांकि दोपहर के समय धूप की तपिश हल्की गर्मी का एहसास कराएगी. बुधवार को भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब दिनभर धूप और बादल के बीच लुकाछिपी जारी रहेगी.
उमस से बढ़ी परेशानी
पिछले 24 घंटे में दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है. आज भी तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस (अधिकतम) और 24 से 26 डिग्री सेल्सियस (न्यूनतम) के बीच रहने की संभावना है. नमी का स्तर 65 से 87 प्रतिशत के बीच रहेगा, जिससे उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है.
अलविदा कहने को तैयार मॉनसून
इस बार मॉनसून ने दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश दी, लेकिन अब विदाई की तैयारी शुरू हो चुकी है. मौसम विभाग के मुताबिक, सितंबर के मध्य तक दिल्ली से मॉनसून की विदाई हो सकती है.10 और 11 सितंबर को बारिश की संभावना नहीं है, जबकि 12 सितंबर को हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. हाल ही में यमुना का जलस्तर बढ़ने और जलभराव से लोगों को खासी परेशानी हुई थी, लेकिन अब मौसम धीरे-धीरे शुष्क और सुहावना होने की ओर बढ़ रहा है.
यह भी पढ़े: धराली आपदा के बाद गंगोत्री यात्रा शुरू, यमुनोत्री धाम पर दो दिन बाद होगा फैसला