न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: सोमवार को एक बड़ी विमानन घटना उस वक्त टल गई जब एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1523 में उड़ान के दौरान धुएं का संदेह पैदा हो गया. बागडोगरा से दिल्ली जा रहा यह विमान करीब 36,000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी केबिन के एवियोनिक पैनलों से धुआं निकलने की आशंका जताई गई. अचानक बने इस हालात से यात्रियों में हल्की घबराहट का माहौल बन गया.
पायलट की तत्परता से टला बड़ा खतरा
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और नजदीकी सुरक्षित एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति मांगी. इसके बाद विमान को तुरंत चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया. एयर ट्रैफिक कंट्रोल की निगरानी में विमान ने शाम 5 बजकर 17 मिनट पर लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की. राहत की बात यह रही कि सभी 148 यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित रहे.
एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, पहले से तैयार थीं रेस्क्यू टीमें
विमान के उतरने से पहले ही एयरपोर्ट प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया था. रनवे के पास फायर ब्रिगेड, मेडिकल और रेस्क्यू टीमें तैनात कर दी गई थी. लैंडिंग के तुरंत बाद यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर टर्मिनल-3 में पहुंचाया गया. घटना के बाद एयरपोर्ट की फायर और तकनीकी टीमों ने विमान की गहन जांच की. हालांकि जांच में धुएं या आग का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया हैं. एयरवर्थीनेस सर्टिफिकेट मिलने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान की अनुमति दी जाएगी.
एयरलाइन की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की गई. जिन यात्रियों की तत्काल फ्लाइट नहीं मिल सकी, उन्हें होटल में ठहराने की सुविधा दी गई और अगली उड़ानों में समायोजन का भरोसा दिलाया गया. गौरतलब है कि इससे पहले भी एयर इंडिया एप्रेस की एक फ्लाइट को खराब मौसम के चलते लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा था. बेंगलुरु से कोलकाता जा रही फ्लाइट को कम विजिबिलिटी के कारण कोलकाता में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली थी, जिसके बाद उसे लखनऊ लाया गया.
यह भी पढ़े: Mahavir Jayanti 2026: अहिंसा और सत्य का संदेश लेकर आई महावीर जयंती, जानें भगवान महावीर की 5 अमर शिक्षाएं