न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. संस्थान के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग के थर्ड ईयर के एक छात्र ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से संस्थान की 36 छात्राओं की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लिए. इस घटना का खुलासा होते ही संस्थान में हड़कंप मच गया. आरोपी छात्र के लैपटॉप और मोबाइल की जांच में करीब 1000 से ज्यादा फेक तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए हैं.
ऐसे खुली पोल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र कई महीनों से इस अनैतिक काम को अंजाम दे रहा था. वह इंस्टाग्राम, फेसबुक और लिंक्डइन जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से छात्राओं की प्रोफाइल फोटो डाउनलोड करता था और फिर उन्हें एआई टूल्स से मॉर्फ करके अश्लील रूप देता था. इन तस्वीरों को वह अपने निजी लैपटॉप और क्लाउड सर्वर पर सेव कर रखता था. जब कुछ छात्राओं को इस बात की भनक लगी, तो उन्होंने तत्काल संस्थान प्रबंधन को लिखित शिकायत दी.
संस्थान ने लिया एक्शन
शिकायत मिलने के तुरंत बाद संस्थान ने छात्र को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है और मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है. हालांकि, संस्थान ने फिलहाल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है. इस बीच, भाजपा और कांग्रेस के बीच इस मसले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए
IIIT के डायरेक्टर ने बताया कि "महिला स्टाफ को मिली शिकायत के तुरंत बाद कार्रवाई की गई. इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं. जांच के लिए एक विशेष समिति गठित की गई है. यह गंभीर मामला है, इसलिए तकनीकी और नैतिक दोनों स्तर पर जांच जारी है." IIIT प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की निजता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. जांच समिति तकनीकी सबूतों की जांच कर रही है.
यह भी पढ़े: केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड, अब तक 16 लाख से अधिक लोग पहुंचे; जानें कब बंद होंगे कपाट