न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार, 22 सितंबर को पूर्वोत्तर के दो राज्यों, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा, के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे दोनों राज्यों में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का तोहफा देंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी बयान के अनुसार, पीएम मोदी ईटानगर में 5,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.ये परियोजनाएं ऊर्जा, कनेक्टिविटी और स्वास्थ्य क्षेत्रों से संबंधित हैं.
अरुणाचल प्रदेश में विकास की नई सुबह
अपने अरुणाचल दौरे के दौरान, पीएम मोदी त्वांग में एक अत्याधुनिक सम्मेलन केंद्र की आधारशिला रखेंगे.यह केंद्र 9,820 फीट की ऊंचाई पर स्थित होगा और भविष्य में राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों के साथ-साथ सांस्कृतिक और त्योहारों की मेजबानी करेगा.यह माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं से राज्य की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा और क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ेगी.
त्रिपुरा में 'माता त्रिपुरा सुंदरी' मंदिर का जीर्णोद्धार
अरुणाचल प्रदेश के बाद, प्रधानमंत्री मोदी त्रिपुरा जाएंगे.वहां वे 'माता त्रिपुरा सुंदरी' मंदिर परिसर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे.इसके बाद, वे मंदिर परिसर में विकास कार्यों का शुभारंभ करेंगे, जिससे इस पवित्र स्थल का जीर्णोद्धार होगा.
पीएम मोदी ने अपने दौरे से पहले कहा कि सोमवार का दिन पूर्वोत्तर के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा. इन परियोजनाओं से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और लोगों के लिए नई संभावनाएं खुलेंगी.
यह भी पढ़े: BreakingNews: रांची के KHALARI थाना क्षेत्र में हवलदार पर अज्ञात ने की फायरिंग