न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: दिल्ली में लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए भीषण धमाके की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं. फॉरेंसिक टीम और दिल्ली पुलिस की रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि धमाके में मारे गए व्यक्ति की पहचान आतंकी डॉक्टर उमर नबी उर्फ उमर मोहम्मद के रूप में हुई हैं. कार के मलबे से मिले जले हुए शव का DNA टेस्ट उमर के परिवार के सैंपल से 100 प्रतिशत मैच कर गया हैं. इससे साफ हो गया है कि धमाका उसी ने अंजाम दिया, जिसमें 12 लोगों की मौत और 20 लोग घायल हुए थे.
जांच एजेंसियों को पहले से शक था कि विस्फोट में वही शामिल था. बताया जा रहा है कि उमर ने विस्फोट से करीब 11 दिन पहले हमले में इस्तेमाल की गई सफेद ह्यूंडई i20 कार खरीदी थी. वह फरीदाबाद स्थित 'व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल' का प्रमुख सदस्य था और पुलवामा के संबूरा का रहने वाला था. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसके परिवार से पूछताछ की थी, जिसके बाद DNA रिपोर्ट ने सब कुछ स्पष्ट कर दिया. सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों की दबिश के डर से उमर ने खुद को कार के साथ उड़ाने का फैसला किया. बताया जा रहा है कि उमर का संपर्क तुर्की के अंकारा में बैठे अपने हैंडलर ‘UKasa’ से सेशन ऐप के जरिए था. जांच एजेंसियों को शक है कि मार्च 2022 में उमर समेत कुछ लोग अंकारा गए थे, जहां उनका ब्रेनवॉश किया गया. इस पूरे मामले की पुष्टि के लिए NIA अब तुर्किये दूतावास से संपर्क में हैं.
सरकार ने हमले को माना आतंकी घटना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में केंद्र सरकार ने दिल्ली ब्लास्ट को आतंकी हमला घोषित किया हैं. इस केस की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी गई हैं. ‘व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल’ के नाम से सामने आए इस नेटवर्क में डॉक्टर और पढ़े-लिखे युवा शामिल हैं. जांच के दौरान इस नेटवर्क के तार जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ते नजर आ रहे हैं.
ब्लास्ट से पहले कई इलाकों में घूमी थी कार
जांच में सामने आया है कि धमाके में इस्तेमाल i20 कार 10 नवंबर की सुबह फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के बाहर देखी गई थी. कुछ देर बाद यह बदरपुर बॉर्डर पार कर दिल्ली में दाखिल हुई और ओखला, मयूर विहार और कनॉट प्लेस जैसे इलाकों में घूमती रही. सीसीटीवी फुटेज में उमर ब्लैक मास्क लगाए कार चलाता दिखा. धमाके के दिन दोपहर करीब 3:15 बजे कार चांदनी चौक की सुनहरी मस्जिद पार्किंग में खड़ी की गई थी. फुटेज में उमर तीन घंटे तक कार के अंदर ही बैठा नजर आया. शाम 6:25 बजे वह कार लेकर लाल किले की ओर निकला और मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के पास रुका. ठीक 6:52 बजे कार में जोरदार विस्फोट हुआ.
यह भी पढ़े: MP में फर्जी D.Ed सर्टिफिकेट मामला, STF ने 8 शिक्षकों पर FIR दर्ज की, 28 और संदिग्धों की जांच जारी