न्यूज11 भारत
अयोध्या/डेस्क: रामनगरी अयोध्या में इस वर्ष 9वां दीपोत्सव ऐतिहासिक और भव्य तरीके से मनाया गया. सरयू तट के 56 घाटों और राम की पैड़ी को दीपों की रोशनी से जगमगाते हुए एक नया इतिहास रच दिया गया. इस मौके पर कुल 28 लाख से अधिक दीप जलाए गए, जिनमें 26 लाख 11 हजार 101 दीयों को एक साथ प्रज्वलित कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना डाला गया. इस उपलब्धि को प्रमाणित करने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम स्वयं अयोध्या में मौजूद रही.
अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी
दीपोत्सव के भव्य शुभारंभ से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे. रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उन्होंने पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से पहुंचे राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के प्रतीकात्मक स्वरूपों की अगवानी की.
'जय श्रीराम' के उद्घोष से गूंज उठा अयोध्या
इसके बाद रामकथा पार्क में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला शुरू हुई. राम-जानकी वंदना और भरत मिलाप का मंचन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. मुख्यमंत्री योगी ने श्रीराम का राजतिलक कर उन्हें राज्याभिषेक की विधि सम्पन्न कराई. पूरा रामकथा पार्क 'जय श्रीराम' के उद्घोष से गूंज उठा. योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम के साथ लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और गुरु वशिष्ठ का भी तिलक कर माल्यार्पण किया और आरती उतारी. इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए.
32,000 स्वयंसेवकों ने भाग लिया
दीपोत्सव के दौरान दीप प्रज्वलन के इस विशाल कार्य में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के करीब 32,000 स्वयंसेवकों ने भाग लिया. सभी दीपों को सिर्फ 15 मिनट के भीतर जलाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे सफलता पूर्वक पूरा किया गया.
ये भी पढ़ें- Middle Challenge: मिडिल क्लास को डराने लगा मेट्रो सिटी का ये न्या ट्रेंड, 30,000 के सैलरी में देना होता है 20,000 किराया