अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गया/डेस्क: पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया द्वारा ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 39 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई आज गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 05 पर की गई.
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डीडीयू के दिशा-निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट गया एवं अपराध आसूचना शाखा गया के नेतृत्व में आरपीएफ, जीआरपी और सीपीडीएस की संयुक्त टीम स्टेशन पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 05 पर वाटर वेंडिंग मशीन के पास दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में तीन उजले रंग के झोलों के साथ पाए गए. तलाशी लेने पर झोलों से कुल 39 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई.
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विशाल कुमार (21 वर्ष) और बैजनाथ कुमार (18 वर्ष), दोनों निवासी पटना जिला के रूप में हुई है. मौके पर सहायक उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला द्वारा शराब को जप्त कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद शिकायत पत्र के साथ जप्त शराब एवं अभियुक्तों को जीआरपी थाना गया को सौंप दिया गया.
जीआरपी थाना गया में दोनों के कांड संख्या 39/26 के तहत धारा 30(ए) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 23,120 रुपये बताई गई है.
यह भी पढ़ें: तलाक केस में कोर्ट से भावुक होकर निकलीं ज्योति सिंह, सुलह के लिए नहीं पहुंचे पवन सिंह, वकील ने कहा- अस्पताल में भर्ती हैं