इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. चर्चित विजेंद्र यादव सिंह हत्याकांड के वांछित आरोपी एवं 15 हजार रुपये के इनामी अपराधी मनोहर यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, चिरैया थाना कांड संख्या 26/25 में नामजद अभियुक्त विजेंद्र यादव सिंह (पूर्व समिति सदस्य) की हत्या के मामले में पुलिस लंबे समय से आरोपी की तलाश कर रही थी. चिरैया थाना की टीम ने विशेष रणनीति बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को उसके ठिकाने रघुनाथपुर से गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार अभियुक्त मनोहर यादव, पिता ज्योति यादव, थाना क्षेत्र रघुनाथपुर, जिला बेगूसराय का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस ने योजनाबद्ध छापेमारी कर उसे दबोच लिया और विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
मामले की आधिकारिक पुष्टि सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश ठाकुर ने सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की. उन्होंने बताया कि हत्या कांड के अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है तथा पूरे मामले में साक्ष्य संकलन कर आरोपपत्र दाखिल करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
पुलिस की इस कार्रवाई को हत्याकांड के खुलासे की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है. स्थानीय लोगों ने भी आरोपी की गिरफ्तारी पर संतोष व्यक्त किया है.
यह भी पढ़ें: जगदीशपुर विधायक ने पूर्व आईपीएस को बताया पागल, कहा- निशांत कुमार का व्यक्तित्व शालीन